फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप, सिविल लाइन थाने में शिकायत
रायपुर। राजधानी में लोन सेटलमेंट को लेकर फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। हर्षित बिहार कॉलोनी, उरकुरा निवासी अजय कुमार पांडेय ने बजाज फाइनेंस के कर्मचारियों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, अजय कुमार पांडेय 17 अगस्त को अपने दोस्त मुनीश मिश्रा के लोन से जुड़े मामले में बातचीत और सेटलमेंट कराने के लिए स्काई पार्क बिल्डिंग स्थित बजाज फाइनेंस के कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ रामलोलारख त्रिपाठी भी मौजूद थे। कार्यालय में लोन सेटलमेंट को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान सन्नी, कलेक्शन मैनेजर और वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों से पैसे वापस करने को लेकर विवाद हो गया।
अजय पांडेय का आरोप है कि बातचीत के दौरान कर्मचारियों ने उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो उन्हें कार्यालय से बाहर नहीं जाने देने की धमकी दी गई। इसके बाद हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। घटना में उनके नाक, कान, सिर और गर्दन में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।
दोस्तों ने बीच-बचाव कर कराया मामला शांत
पीड़ित के मुताबिक, घटना के दौरान उनके साथ मौजूद मुनीश मिश्रा और रामलोलारख त्रिपाठी ने बीच-बचाव किया। दोनों इस पूरे घटनाक्रम के प्रत्यक्षदर्शी बताए जा रहे हैं। इसके बाद अजय पांडेय ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा घटना के दौरान मौजूद लोगों के बयान लेने और अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, मामले में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों की ओर से कोई पक्ष सामने नहीं आया है।














