बिना काम किए राशि आहरण और कागजों में कार्य पूर्ण दिखाने का आरोप
अंबिकापुर। सरगुजा जिले की लखनपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत जयपुर के ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में कई विकास कार्य कागजों में पूरे दिखा दिए गए, जबकि मैदान में वास्तविक काम नहीं किया गया। इसके बावजूद सरपंच और सचिव द्वारा राशि का आहरण कर बंदरबांट कर लिया गया है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में भी पंचायत में कई योजनाओं में अनियमितताएं की गई हैं, जिसकी शिकायत के बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं हुई। दर्जनों ग्रामीण कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और मामले की जांच कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। शिकायतकर्ता दिवाकर दास और संजय दास ने बताया कि यदि जल्द जांच नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।














