बलरामपुर | नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बलरामपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर ट्रॉली से 106 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंबिकापुर की ओर से एक हाइड्रोलिक ट्रैक्टर में गांजा लेकर बिहार के रोहतास जिले की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रैक्टर को रोका। तलाशी के दौरान पुलिस के होश उड़ गए, जब हाइड्रोलिक ट्रॉली में बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान इजहार, निवासी रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी ट्रैक्टर में गांजा छिपाकर परिवहन कर रहा था। बरामद गांजे की कीमत लगभग 5 लाख रुपए आंकी गई है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह गांजा कहां से लेकर आया था और कहां खपाने जा रहा था।














