अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
संजय रजक बलरामपुर। जिले में अवैध धान परिवहन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने तीन पिकअप वाहनों से 210 बोरी अवैध धान जब्त किया है। धान को उत्तर प्रदेश से बलरामपुर जिले में लाया जा रहा था।
पूछताछ के दौरान वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। मामले में चालक और वाहन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
प्रशासन का मानना है कि यह कार्रवाई धान बिचौलियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है। अवैध खरीद–फरोख्त की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निगरानी बढ़ाई गई थी।
जानकारी के अनुसार, वाड्रफनगर के चर्चरी गांव में संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जिले में हुई इस कार्यवाही से धान बिचौलियों में हड़कंप मचा हुआ है।














