जांजगीर | जिला न्यायालय परिसर से शुक्रवार को एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी की पहचान उमाशंकर साहू, निवासी सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
आरोपी पर एससी-एसटी (एट्रोसिटी) एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज था। आज उसे सामान्य पेशी के लिए जिला न्यायालय, जांजगीर लाया गया था।
बताया जा रहा है कि पेशी के दौरान मौके का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए परिसर से भाग निकला। आरोपी को न्यायालय लेकर आए थे हवलदार कृष्ण कुमार तिवारी और प्रधान आरक्षक जगत।
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को रवाना कर दिया गया है और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।














