बलरामपुर। पुलिस कस्टडी में हुई मौत के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। यह कार्रवाई 9 नवंबर को पुलिस कस्टडी में उमेश सिंह की हुई मौत के बाद की गई है।
जानकारी के अनुसार, चोरी के आरोप में पुलिस ने उमेश सिंह को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी और बाद में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने थाने में हंगामा किया और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
मृतक के परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं। घटना को चार दिन बीत जाने के बाद भी शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका है। मामले में लगातार बढ़ रहे जन आक्रोश के बीच सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने चार पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच करने का आदेश जारी किया है।
यह मामला बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस विभाग ने जांच के लिए उच्चस्तरीय टीम गठित करने की बात कही है।














