अंबिकापुर । जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने चल रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासनिक टीम ने उदयपुर विकासखंड के मडगांव में बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान चेतन सिंह की किराना दुकान से अवैध रूप से रखा गया 200 बोरी धान (लगभग 80 क्विंटल) बरामद किया गया।
मंडी अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर कृषि उपज मंडी समिति, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर ही धान जब्ती की कार्रवाई कर पंचनामा तैयार किया। जांच के दौरान दुकान संचालक किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध भंडारण, अवैध खरीदी–बिक्री और धान के अनियमित परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।














