अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में एक पटवारी पर जमीन नापने के एवज में बकरा और रुपए की मांग करने का गंभीर आरोप लगा है। राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले पहाड़ी कोरवा समाज के लोगों ने इस मामले की शिकायत कलेक्टर से की है।
पूरा मामला सरगुजा जिले के धौरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम डुमरडीह का है। यहां रहने वाले पहाड़ी कोरवा समाज के ग्रामीण कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और पटवारी देवलाल मिंज के खिलाफ लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि जमीन की नाप-जोख और राजस्व से जुड़े काम करने के बदले उनसे बकरा और नगद राशि की मांग की जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि मांग पूरी नहीं करने पर उन्हें जरूरी कामों से वंचित कर दिया जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पटवारी देवलाल मिंज स्थानीय निवासी है और कई वर्षों से इसी क्षेत्र में पदस्थ है, जिसका वह दुरुपयोग कर गांव के लोगों के साथ भेदभाव करता है। आदिवासी और विशेष संरक्षित जनजाति होने के बावजूद पहाड़ी कोरवा समाज के लोगों को लगातार परेशान किया जा रहा है।
इधर, कलेक्टर ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि अब देखने वाली बात यह होगी कि काम के एवज में ग्रामीणों से रुपए और बकरा मांगने के आरोपी पटवारी पर जिला प्रशासन कब और क्या कार्रवाई करता है, या फिर ऐसे ही अधिकारी संरक्षण में अवैध वसूली का सिलसिला चलता रहेगा।
दशरू, पीड़ित शिकायतकर्ता ने कहा हम लोग बहुत गरीब हैं। जमीन नापने के लिए पटवारी बकरा और पैसे मांगता है। नहीं देने पर काम नहीं करता।
एक अन्य शिकायतकर्ता ग्रामीण ने कहा कई बार गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मजबूरी में हमें कलेक्टर के पास आना पड़ा। हमें न्याय चाहिए।














