अम्बिकापुर। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम और कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सड़क हादसों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आईजी ने विभिन्न इकाइयों के अधिकारियों के साथ बैठक कर दुर्घटना संभावित कारणों, त्वरित सहायता और जागरूकता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान होने पर उसे प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके तहत राहवीर योजना के अंतर्गत प्रस्ताव प्रेषित कर ऐसे मददगार नागरिकों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोग बिना किसी भय के घायलों की मदद के लिए आगे आएं।
इसके अलावा आईजी ने ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित स्थानों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग, एनएच, पीडब्ल्यूडी एवं पीएमजीएसवाई विभाग के माध्यम से सांकेतिक बोर्ड एवं रम्बलर स्ट्रिप लगाने का कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इन प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकेगी।














