सूरजपुर। बुधवार देर शाम एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अम्बिकापुर की टीम ने सूरजपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) विभाग के एसडीओ ऋषिकांत तिवारी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, मत्स्य विभाग के तालाब निर्माण कार्य का मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार करने के एवज में एसडीओ ने शिकायतकर्ता दीसंबर सिंह से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत दर्ज होने के बाद एसीबी अम्बिकापुर की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
बुधवार की देर शाम घूसखोर एसडीओ शिकायतकर्ता के घर नवापारा खुर्द पहुंचा और वहीं रिश्वत की राशि लेते ही एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। टीम ने मौके पर ही रकम बरामद कर ली।
घटना के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी एसडीओ से घंटों पूछताछ की और फिर उसे अम्बिकापुर मुख्यालय लेकर रवाना हो गई। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।














