बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने मकान बिक्री के नाम पर 40 लाख रुपये की ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बैंक में बंधक पड़े मकान को बेचने का सौदा कर पीड़ित से भारी भरकम राशि वसूल ली थी।
जानकारी के अनुसार पीड़ित अजीत शुक्ला को आरोपियों भास्कर प्रसाद त्रिपाठी और दिनेश सिंह ठाकुर ने फर्जी इकरारनामा तैयार कर मकान बेचने का आश्वासन दिया। दोनों ने बैंक में मकान के बंधक होने की जानकारी छुपाते हुए 40 लाख रुपये की रकम हड़प ली।
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भरोसा दिलाने के बाद जब पीड़ित को मकान की वास्तविक स्थिति का पता चला, तो उसने सरकंडा थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में जांच करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा तैयार किए गए फर्जी कागजात जब्त कर लिए गए हैं और मामले की विवेचना जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ठगी में और कौन लोग शामिल थे।














