कुत्ते के काटने पर समझाइश देने गया था युवक, गंभीर रूप से घायल
घायल युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती
सीपत थाना क्षेत्र के पाड़ेपुर गांव का मामला
बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत पाड़ेपुर गांव में पालतू कुत्ते को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर पड़ोसी ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी का पालतू कुत्ता मोहल्ले में घूम रहा था, इसी दौरान कुत्ते द्वारा काटे जाने की घटना के बाद घायल युवक समझाइश देने आरोपी के घर पहुंचा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
विवाद के दौरान आरोपी ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर सीपत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घायल युवक का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा सतर्कता बरती जा रही है।














