बिलासपुर। बिलासपुर जिले में अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए करीब 139 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई जिले के विभिन्न क्षेत्रों में की गई। तखतपुर क्षेत्र के नरौतीपारा और गोबंद के अलावा ग्राम सकरा, जयरामनगर, ग्राम बिनोरी समेत अन्य स्थानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के संग्रहित एवं परिवहन किया जा रहा धान पकड़ा गया।
प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है। जब्त धान को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए सुरक्षित रखा गया है। संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।














