भिलाई। पुरानी भिलाई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हर्ष इंडस्ट्रीज, अकलोरडीह में लगातार कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह में शामिल एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 किलो कॉपर वायर बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की घटना लगातार 6 दिनों तक चलती रही। गोडाउन में लगे सीसीटीवी वीडियो फुटेज में आरोपी दीवार फांदकर अंदर घुसते और कॉपर वायर चोरी करते दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर घेराबंदी की।
पुरानी भिलाई थाना पुलिस की सटीक घेराबंदी और तकनीकी इनपुट के आधार पर सभी आरोपी पकड़े गए। गिरफ्तार 5 वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में हो रही चोरी की कई घटनाओं का बड़ा खुलासा हुआ है और आगे भी ऐसे गिरोहों पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी।














