संजय रजक अंबिकापुर। नगर निगम क्षेत्र में बन रही घटिया सड़कों को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि जिन ठेकेदारों ने खराब गुणवत्ता से सड़क बनाई है, उन्हें ब्लैकलिस्ट कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
सिंहदेव ने कहा कि अंबिकापुर में राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए तेजी से सड़कें बनाई जा रही हैं, जो स्वागत योग्य है, लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा राष्ट्रपति का सम्मान जरूरी है, लेकिन जनता का सम्मान भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
हाल ही में अंबिकापुर में घटिया सड़क निर्माण का मामला सामने आया था। स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन सड़क की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इसके बाद महापौर ने भी स्वीकार किया था कि निर्माण में गड़बड़ी हुई है और कार्रवाई की जाएगी। अब सिंहदेव के बयान के बाद पूरे मामले में जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग और तेज हो गई है।














