सूरजपुर। सूरजपुर जिले में अवैध रूप से धान के परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में प्रशासन ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करते हुए कुल 1010 बोरियों में भरे 404 क्विंटल धान को जप्त किया है। जप्त किए गए धान की अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रशासन द्वारा अंतरराज्यीय सीमाओं पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि अवैध रूप से धान की तस्करी को रोका जा सके। वहीं, अवैध धान से संबंधित शिकायतों के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है, जिससे आम नागरिक सीधे जानकारी दे सकें।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार अब तक जिले में 3 हजार 376 क्विंटल धान जप्त किया जा चुका है। कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में प्रशासन अब तक लगभग 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का धान जप्त कर चुका है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।














