67 पुरुष और 3 महिला वारंटियों की हुई धरपकड़
दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। जिले में लंबित एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। इस टीम ने 24 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 91 वारंटों पर कार्यवाही की है।
एडिशनल एसपी सुखनंदन सिंह राठौड़ ने बताया कि अभियान के तहत 48 स्थायी वारंट और 38 गिरफ्तारी वारंट तामिल किए गए। कार्रवाई में 67 पुरुष और 3 महिला वारंटियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने वारंटियों के नाम सूचीबद्ध कर उनके फिंगरप्रिंट लेकर डेटाबेस तैयार किया, ताकि भविष्य में ऐसे अपराधियों पर निगरानी रखी जा सके।
यह अभियान जिले के सभी थानों के साथ-साथ एसीसीयू टीम के सहयोग से संयुक्त रूप से चलाया गया। दुर्ग एएसपी ने बताया कि पुलिस वारंटियों की पताशाजी और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है।
वहीं, दुर्ग शहर में हाल के दिनों में बढ़ती हत्या की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि ज्यादातर वारदातें क्षणिक आवेश या नशे की लत के कारण हो रही हैं। पुलिस इन मामलों को लेकर भी सख्त निगरानी कर रही है।














