जांजगीर-चांपा जिले के नरियरा गांव के पास शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब बाइक सवार दोनों युवक नरियरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार केप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।
दुर्घटना की खबर मिलते ही नरियरा गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने जांजगीर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया। समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।














