कटघोरा वनमंडल के चैतमा वनपरिक्षेत्र का मामला, गांवों में दहशत, वन विभाग अलर्ट
कोरबा । कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत चैतमा वनपरिक्षेत्र के बेरिउमराव गांव नीमपानी में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर के आंगन में सो रही 60 वर्षीय महिला पर जंगली हाथी ने अचानक हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान सुंदरी मझावार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात हाथी गांव में घुस आया और आंगन में सो रही महिला को कुचल दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय जंगल या खेत की ओर अकेले न जाएं, सतर्क रहें और किसी भी तरह की सूचना तुरंत विभाग को दें। लगातार हाथियों की आवाजाही से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।














