खरसिया। एनएच-49 स्थित चोढ़ा चौक के पास आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। खरसिया से धर्मजयगढ़ की ओर जा रही सद्भावना यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ़्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार 8 से 10 यात्री घायल हो गए। इनमें से दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा होते ही आसपास के लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालकर मदद की।
सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस मौके पर पहुंच गई और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल खरसिया में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद एनएच-49 पर कुछ देर तक जाम जैसे हालात बने रहे। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।














