बैकुंठपुर। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जामपानी में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव में बने गौठान में एक युवक और एक युवती की लाश फांसी पर लटकी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक युवक की पहचान ग्राम जामपानी निवासी केशव के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल बैकुंठपुर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
मिली जानकारी के अनुसार युवक बीते दो दिनों से घर से लापता था, जिसे लेकर परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। वहीं, गौठान में युवक-युवती के शव मिलने से कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।














