बलरामपुर | राजपुर थाना क्षेत्र के चौकी बरियों अंतर्गत भिलाईखुर्द स्थित केसर प्लांट में डीजल चोरी के शक में दो वर्करों की पिटाई करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, प्लांट में कार्यरत दो वर्करों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उन्हें डीजल चोरी के शक में बेरहमी से पीटा। शिकायत पर चौकी बरियों पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने रविशंकर यादव, आनंद बिसी, मनोज यादव और अनिल कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि घटना की शिकायत मिलते ही कार्रवाई की गई। अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है।














