पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम वटगन का मामला, 24 अक्टूबर की रात कुल्हाड़ी से की गई थी हत्या
बलौदाबाजार। सोशल मीडिया के जरिये शुरू हुआ अवैध संबंध एक खौफनाक वारदात में बदल गया। बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम वटगन में एक महिला ने अपने प्रेमी से मिलकर पति की हत्या करवा दी। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी चंद्रिका गिरी और हत्या करने वाले प्रेमी टुन्ना कुमार शर्मा को चेन्नई से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक अमृत गिरी फल बेचने का काम करता था। उसकी पत्नी चंद्रिका गिरी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान बिहार के रहने वाले और चेन्नई में काम करने वाले टुन्ना कुमार शर्मा से हुई।
दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और उनके बीच अवैध संबंध बन गए। जब पति अमृत गिरी को पत्नी के इस रिश्ते का पता चला, तो उसने उसे टोकना शुरू किया। इस बात से नाराज पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
24 अक्टूबर की रात हुआ हत्या का खेल : पुलिस जांच में पता चला कि चंद्रिका का प्रेमी टुन्ना कुमार रायपुर आया था। पत्नी चंद्रिका भी उससे मिलने रायपुर पहुंची और उसे अपने घर ले आई। वह उसे घर के ऊपरी हिस्से में छिपाकर रखती थी। 24 अक्टूबर की रात जब पूरा परिवार नाचा कार्यक्रम देखने गया था, तब घर में अकेले बैठे अमृत गिरी पर छिपे हुए टुन्ना कुमार ने धारदार कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। अमृत की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी प्रेमी चेन्नई फरार हो गया।
पुलिस टीम ने चेन्नई से किया गिरफ्तार : घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया। पुलिस टीम चेन्नई पहुंची और टुन्ना कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर बलौदाबाजार लाई। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पत्नी चंद्रिका गिरी को भी हिरासत में लिया। दोनों ने पुलिस के सामने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया है।
एएसपी बोले — दोनों ने कबूला गुनाह : अभिषेक सिंह, एडिशनल एसपी बलौदाबाजार ने बताया पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।














