संजय रजक जशपुर। जिले के कांसाबेल वन परिक्षेत्र के केनाडांड़ गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। घर के पीछे स्थित बाड़ी में जंगली हाथी को देखने गई एक महिला पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में महिला की पोती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए पत्थलगांव अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, 27 हाथियों के दल से बिछड़कर एक अकेला हाथी बीते रात रिहायशी इलाके में भटक गया था। सुबह के समय जब ग्रामीणों ने हाथी को देखा, तो कई लोग उसे देखने पहुंचे। इस दौरान हाथी अचानक आक्रामक हो गया और महिला पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। विभाग ने मृतका के परिजनों को तत्काल राहत राशि 25 हजार रुपये प्रदान की है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथियों के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों के करीब न जाएं और सतर्क रहें।














