निगम व पुलिस प्रशासन सख्त, विशेष टीम का गठन
जगदलपुर। शहर की सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या को देखते हुए नगर निगम प्रशासन और पुलिस विभाग अब कड़े एक्शन के मूड में आ गए हैं। सोमवार को निगम प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक कर यह स्पष्ट किया कि अब सड़कों पर मवेशियों को खुला छोड़ने वाले पशु मालिकों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी।
निगम प्रशासन के अनुसार, लगातार सड़कों पर मवेशियों के आ जाने से दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ मवेशियों की भी जान जा रही है। ऐसे हालात को रोकने के लिए अब सख्त कदम उठाए जाएंगे।
निगम का बड़ा निर्णय
- सड़क पर दिखने वाले आवारा मवेशियों को तुरंत कांजी हाउस ले जाया जाएगा।
- शहर और पंचायत स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया है, जो आवारा मवेशियों की निगरानी करेगी।
- पशु मालिकों पर भारी जुर्माना लगाने और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
संजय पांडेय मेयर जगदलपुर ने कहा कि शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए कड़े कदम उठाना अब जरूरी हो गया है। सड़कों पर मवेशियों को खुला छोड़ना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।














