संजय रजक सीतापुर। धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए मंगलवार देर शाम सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने विधानसभा क्षेत्र के सभी धान खरीदी केंद्र अध्यक्षों एवं भाजपा मंडल अध्यक्षों की वर्चुअल मीटिंग ली। बैठक में उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए महत्वपूर्ण दिशा–निर्देश जारी किए।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो चुकी है। सरकार 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी करेगी, जो 31 जनवरी तक जारी रहेगी।
विधायक ने दिए प्रमुख निर्देश
- धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- सभी केंद्रों में फ्लेक्स लगाया जाए, जिसमें खरीदी की तारीख, दर और शासन के नियम स्पष्ट रूप से लिखे हों।
- किसानों के बैठने के लिए चांदनी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
- धान बोरा पलटी करने के लिए किसानों से कोई अतिरिक्त राशि न ली जाए।
- केंद्रों में लेबर की कमी न हो, इसकी भी निगरानी की जाए।
- किसानों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए ताकि समस्या होने पर तत्काल शिकायत और समाधान हो सके।
- केंद्राध्यक्षों को खरीदी केंद्रों में सक्रिय रहने के निर्देश—ताकि व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रहे।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि धान खरीदी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका लाभ हर किसान तक पहुंचेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे स्वयं विधानसभा क्षेत्र के सभी धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था पर नजर रखेंगे और समय-समय पर निरीक्षण भी करेंगे, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो।














