जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी, ना ही जनता में उत्साह — लोगों में व्यवस्था को लेकर नाराज़गी
अंबिकापुर (सरगुजा)। सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में आयोजित राजस्व विभाग के कार्यक्रम में इस बार आमजन की भागीदारी बेहद कम रही। मंच पर मंत्री और कुछ विधायकों की उपस्थिति जरूर रही, लेकिन मैदान में ज्यादातर कुर्सियाँ खाली नजर आईं। कार्यक्रम स्थल पर केवल कुछ अधिकारी और सीमित स्थानीय प्रतिनिधि ही दिखाई दिए।
राज्य उत्सव को लेकर भी इस बार माहौल फीका है। न तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों में जोश दिखा और न ही लोगों में उत्साह। आम नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में सरगुजा क्षेत्र में सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति ठीक नहीं है। इन समस्याओं को लेकर जनता में असंतोष और विरोध का माहौल बना हुआ है, जिसके चलते लोग ऐसे आयोजनों से दूरी बना रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन ने जनता की वास्तविक समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया है। इसी उदासीनता का असर अब सरकारी कार्यक्रमों की भागीदारी पर साफ देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि जब तक मूलभूत सुविधाओं में सुधार नहीं होता, तब तक “राज्य उत्सव” जैसा जश्न मनाने का माहौल नहीं बन पाएगा।














