पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव और जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक पर साधा निशाना
अंबिकापुर। सरगुजा कांग्रेस में अंदरूनी घमासान एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह के ताजा बयान ने संगठन में हलचल मचा दी है।
पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव और कांग्रेस सरगुजा जिला अध्यक्ष बालकृष्ण (मल्लू) पाठक पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरगुजा महाराज जो कहेंगे, वही बालकृष्ण पाठक करेंगे।
बृहस्पति सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संगठन में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पैसों के लेन-देन से की जा रही है। इस बयान के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया। कांग्रेसजनों ने इस मामले को लेकर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराने ज्ञापन सौंपा है।
एफआईआर के बाद भी बृहस्पति सिंह ने अपने रुख में कोई नरमी नहीं दिखाई। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि मैं उन्हें लंबे समय से जानता हूं, वे एक गंभीर अपराध में शामिल रहे हैं और कई महीनों तक फरार रहे थे।
बृहस्पति सिंह के इस नए बयान के बाद कांग्रेस संगठन में फिर से उथल-पुथल मच गई है। पार्टी नेता जहां मामले को व्यक्तिगत बयान बताकर टालने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं राजनीतिक गलियारों में इस बयान को टी.एस. सिंहदेव गुट बनाम बृहस्पति सिंह गुट की खींचतान के रूप में देखा जा रहा है।














