कहा — लापरवाही हुई तो दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बलरामपुर। जिले में पुलिस अभिरक्षा के दौरान एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस पर सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो ने गंभीरता दिखाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विधायक टोप्पो ने बताया कि उन्होंने मृतक युवक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कहीं भी लापरवाही या चूक सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों से चर्चा की है तथा पोस्टमार्टम के दौरान मजिस्ट्रेट की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जांच पूरी तरह पारदर्शी हो सके।
विधायक ने कहा कि मृतक के परिवार को न्याय मिले, यही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार और प्रशासन इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।














