4 लाख कीमत का माल जब्त, खनिज तस्करी पर कसता शिकंजा
गरियाबंद। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनिज तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 22 नग बहुमूल्य हीरा जैसे चमकीले पत्थर, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त माल की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹4 लाख बताई जा रही है।
थाना प्रभारी देवभोग के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने पत्थरों को ऊँचे दाम पर बेचने की योजना स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
खीर सिंग मांझी, निवासी झूलेनबर, उड़ीसा
हरीशंकर नेताम (27 वर्ष), निवासी पायलीखण्ड जुगाड, गरियाबंद
दोनों आरोपियों से जब वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 303(2), 3(5) तथा माइनिंग एक्ट की धारा 21(4) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनिज तस्करी के खिलाफ जिले में अभियान जारी है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी की जाएगी।














