संजय रजक अंबिकापुर। शहर के गंगापुर मोहल्ले से आखिरकार शराब दुकान हटाने की लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। मोहल्ले में शराब दुकान स्थापित किए जाने को लेकर स्थानीय निवासियों में काफी नाराजगी थी।
इसको लेकर क्षेत्र के लोगों और समाजसेवी संस्थाओं ने कई बार प्रदर्शन कर दुकान को हटाने की मांग की थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि आवासीय क्षेत्र में शराब दुकान होने से सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा था और महिलाओं व बच्चों को भी परेशानी हो रही थी।
बीती देर रात आबकारी विभाग ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए गंगापुर स्थित शराब दुकान को हटाकर न्यू बस स्टैंड के पास शिफ्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि दुकान को रात में ही स्थानांतरित किया गया ताकि बिक्री प्रभावित न हो।
विधायक राजेश अग्रवाल ने चुनाव के दौरान इस दुकान को हटाने का वादा किया था, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। क्षेत्र के लोगों ने इस कदम का स्वागत किया है और विधायक सहित प्रशासन का आभार जताया है।














