बालोद। आगामी 17 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत से पहले खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने डौंडी विकासखंड के ग्राम साल्हे, डौंडी और सुरडोंगर में दबिश देकर कुल 146 क्विंटल अवैध धान (368 कट्टा) जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग को लगातार अवैध धान खरीदी-बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर बुधवार को टीम ने चार कोचियों के घरों पर दबिश दी, जहां भारी मात्रा में अवैध धान बरामद हुआ।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के कोचियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद संबंधित कोचियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज केवल पंजीकृत केंद्रों में ही बेचें और किसी भी प्रकार की अवैध खरीदी-बिक्री से दूर रहें।














