सरगुजा। लखनपुर में वेल्डिंग की दुकान के साथ संचालित हो रहे फर्जी अस्पताल को स्वास्थ विभाग ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए बंद करा दिया। वर्षों से बिना किसी मान्यता और योग्यता के इलाज कर रहे झोलाछाप डॉक्टर की दुकान पर अधिकारियों ने ताला जड़ दिया।
स्वास्थ विभाग के संयुक्त संचालक के निर्देश पर नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने जांच के दौरान पाया कि दुकान के अंदर मरीजों को दाखिल कर इलाज किया जा रहा था, जिससे उनकी जिंदगी से सीधा खिलवाड़ हो रहा था।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आगे से बिना अनुमति स्वास्थ्य सेवा का संचालन किया गया, तो संबंधित पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी अस्पताल बंद कराए जाने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और स्वास्थ विभाग की कार्रवाई की सराहना की।














