संजय रजक सुकमा । सुकमा जिले में भ्रष्टाचार का एक और मामला उजागर हुआ है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रविवार को छिंदगढ़ स्थित सब इंजीनियर के आवास पर छापा मारकर उसे 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अधिकारी का नाम प्रदीप बघेल, पद RES सब इंजीनियर बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सब इंजीनियर प्रदीप बघेल ने पंचायत सचिव मनीराम कश्यप से पुलिया निर्माण का मूल्यांकन करने और पेमेंट जारी करने के एवज में कुल राशि का 5 प्रतिशत कमीशन मांगा था। सचिव ने इस अवैध मांग की शिकायत सीधे एंटी करप्शन ब्यूरो को कर दी।
शिकायत की पुष्टि के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और इंजीनियर को रिश्वत लेते ही धर दबोचा। टीम ने मौके से 30 हजार रुपये बरामद किए, जो आरोपी ने सचिव से लेने की कोशिश की थी।
यह कार्रवाई जिले में निर्माण कार्यों से जुड़े भ्रष्टाचार पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। ACB द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।














