बलौदाबाज़ार । बलौदा बाजार में आयोजित विकासखंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव के समापन कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह महोत्सव ग्रामीण खिलाड़ियों की छुपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी पर दीप प्रज्वलन से हुई। स्काउट्स एंड गाइड्स ने सांसद अग्रवाल और मंत्री टंकराम वर्मा को सलामी दी। महोत्सव में 48 ग्राम पंचायतों के करीब एक हजार खिलाड़ी शामिल हुए।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया–स्वस्थ भारत अभियान के तहत खेल महोत्सव युवाओं को नए अवसर दे रहा है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में 10 हजार से अधिक खिलाड़ी जुटेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और शासकीय सेवाओं में अवसर भी मिल रहे हैं।
समारोह में पूर्व खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और विजेताओं को पदक व प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अंत में खिलाड़ियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।














