भिलाई। मैत्री बाग में सफेद मादा बाघ जया की अचानक हुई मौत से पूरे प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। जया की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होना कई सवाल खड़े कर रहा है। शनिवार को वन्य प्राणियों की टीम और डॉक्टरों की मौजूदगी में उसका पोस्टमॉर्टम (PM) किया गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। फ़िलहाल विशेषज्ञ डॉक्टर विभिन्न पहलुओं से जानकारी जुटा रहे हैं।
जया की उम्र लगभग 10 वर्ष बताई गई है। गौरतलब है कि वर्ष 1990 में नंदनकानन, उड़ीसा से सफेद बाघों का एक जोड़ा मैत्री बाग भिलाई लाया गया था, जिसके बाद से यहां सफेद बाघों की संख्या बढ़ी है।
मैत्री बाग में वर्तमान में 6 सफेद बाघ थे, लेकिन जया की मौत के बाद अब यह संख्या घटकर 5 हो गई है।
प्रबंधन ने नियम अनुसार जया का अंतिम संस्कार कर दिया है। मौत की वजह सामने आने तक मैत्री बाग प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।














