अम्बिकापुर। सरगुजा पुलिस ने मानव तस्करी के गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। अम्बिकापुर व लखनपुर क्षेत्र की दो युवतियों को मध्य प्रदेश के उज्जैन में बेचे जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए आरोपियों को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों से पकड़ा।
पुलिस के अनुसार आरोपी कई महीनों से महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर दूसरे राज्यों में भेज रहे थे। छानबीन में यह भी सामने आया है कि युवतियों को उज्जैन में बिचौलियों के माध्यम से बेचा गया था।
सरगुजा पुलिस युवतियों को सुरक्षित बरामद कराने के साथ पूरे गिरोह की गतिविधियों की जांच कर रही है। आरोपियों से अन्य पीड़िताओं के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मानव तस्करी जैसे संवेदनशील मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।














