गरियाबंद। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सहायक नेत्र अधिकारी की मौत हो गई। यह हादसा राजिम क्षेत्र के किरवई गांव के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दलदल भरे तालाब में जा गिरी।
कार में सवार डॉ. नितेश सिन्हा, जो कि फिंगेश्वर के जामगांव स्वास्थ्य केंद्र में सहायक नेत्र अधिकारी के पद पर पदस्थ थे, की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार की गति तेज थी और सड़क फिसलन भरी होने के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया।
डॉ. नितेश सिन्हा अभनपुर के केन्द्री गांव के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस घटना से स्वास्थ्य विभाग और परिवार में मातम छा गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह पानी में डूब गई थी। ग्रामीणों की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक डॉ. सिन्हा की जान जा चुकी थी।














